Three lakhs of tax demand, then broken on the municipal team
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
बड़े बकाएदाराें से टैक्स वसूलने निकलने नगर निगम टीम पर एक व्यापारी बकाएदार से बरस पड़े। आरोप है कि टैक्स अधीक्षक के साथ धक्का मुक्की की गई और मारपीट भी हुई। भीड़ बुलाकर खूब हंगामा किया गया। नगर निगम कर्मचारी मौके पर पहुंच गए, उन्होंने प्रेमनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। बकाएदार व्यापारी को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। कर्मचारियों ने बुधवार को निगम बंद करने की धमकी दी है।
मंगलवार को नरकुलागंज में बड़े बकाएदाराें के यहां कर अधीक्षक राजनारायन कमल के नेतृत्व में टीम वसूली के लिए पहुंची थी। अपराह्न करीब ढाई बजे टीम व्यापारी राजेंद्र कुमार के घर पहुंचे उन्होंने तीन लाख रुपए बकाया होने की जानकारी दी और कागज मांगे। इस पर व्यापारी टीम को कोसने लगे। टीम को धमकी दी गई और मारपीट की गई। मामला कर अधीक्षक के पास पहुंचा तो वे गाड़ी से उतरकर सीधे राजेंद्र कुमार के यहां पहुंचे। उनसे भी धक्का मुक्की की गई और सरकारी रिकार्ड हाथ से छीनकर फाड़ दिए गए। जानकारी मिलते ही व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष शोभित सक्सेना भी पदाधिकारियाें के साथ मौके पर पहुंचे गए लेकिन उन्होंने नगर निगम टीम के पक्ष में अपनी बात कही और व्यापारी को माफी मांगने के लिए कहा। काफी देर गहमागहमी के बाद टीम प्रेमनगर थाने पहुंच गई। यहां नगर निगम कर्मचारी संघ के नेता सतीश ऋषिवाल और जयपाल पटेल भी पहुंच गए। उन्हाेंने बताया कि अगर निगम प्रशासन व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर गिरफ्तारी नहीं करवाता है तो काम बंद किया जाएगा।
घर में चलता है कारोबार
राजेंद्र कुमार का टैक्स कामर्शियल टैक्स की श्रेणी में आता है। इनके घर में तौलिया और कालीन का काम होता है। साथ ही बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र भी खुला हुआ है। इलाके में करीब तीस बड़े बकाएदार चिह्नित किए गए हैं। ऐसे में अब टीम किसी अन्य के यहां जाने से घबरा रही है।