बिशारतगंज। सरकारी योजना के तहत गृहस्ती का सामान सस्ते दामों पर दिलाने का झांसा देकर टप्पेबाजों ने तीन लाख से अधिक की ठगी कर ली। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर दो महिलाओं सहित आठ लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी की धारा में मामला दर्ज किया गया है।
कस्बे के वार्ड 10 निवासी नासिर हुसैन ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उनके पास शबीना नाम की महिला आई, जिसने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की ओर से चलाई जा रही योजना का हवाला देते हुए डेढ़ लाख रुपये में बाइक, फ्रीज, वाशिंग मशीन, टीवी सहित गृहस्ती का सामान दिलवाने एवं दूसरी योजना में तीन लाख जमा करने पर बुलेट बाइक सहित घरेलू सामान दिलवाने का लालच दिया।
शबीना के साथ नेहा, अजीम, रिजवान, हाजी वसीम, राशिद नाम के लोग भी थे। उपरोक्त लोगों ने झांसे में लेकर फर्जी फॉर्म भरवाए। फिंगरप्रिंट रीडर अंगूठे के निशान आदि लिए। एक व्यक्ति अक्षय का परिचय एसडीएम बताकर कराया। नासिर ने 40 बार में ऑनलाइन तीन लाख रुपये की निकासी कर ली। काफी दिनों बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
अक्षय जिसको एसडीएम बताकर मिलवाया गया था। वह एक बाइक शोरूम पर एक निजी बैंक का फाइनेंसर निकला। नासिर अक्षय से मिला तो उसने फोन पर बात कराई, जिस पर शबीना व उसके साथियों ने धमकी दी। संवाद