पलिया खुर्द में चूल्हे की चिंगारी से शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे लगी आग से तीन घर जल गए। इस दौरान घरों में सो रहे दो बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। शोर शराबा सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह फंसे लोगों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। झुलसे लोगों को उपचार के लिए सीएचसी ले गया, जहां से डॉक्टर ने तीन लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से दो बच्चों को हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अग्निकांड में घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
पलिया खुर्द में राजेंद्र पुत्र देवकली, रामनिवास पुत्र बाबू और लल्ली देवी पत्नी महादेव के पास में ही घर हैं। घर के आगे छप्परनुमा झोपड़ी भी थी। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे रामनिवास के घर में चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और तीनों घरों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। आग से घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, साथ ही अंकित की 22 वर्षीय पत्नी प्रीति देवी, आठ महीने का पुत्र अर्जुन और अमित झुलस गए, इसके अलावा चार वर्षीय शिवा के अलावा परिवार का ही बबलू भी झुलस गया।
अमित और बबलू मामूली रूप से झुलसे हैं। सभी को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। यहां से प्रीति, अर्जुन और शिवा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सघन इलाज के बाद अर्जुन और शिवा की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ भेजा गया है। उधर, आग लगने से राजेंद्र के घर पर रखा लगभग एक लाख रुपये का कास्मेटिक सामान, 25 हजार रुपये नकद के साथ ही अन्य घरों का भी हजारों रुपये का सामान जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी में ऐन मौके पर पानी खत्म हो गया, फिर भी स्थानीय लोगों की मदद से जैसे-तैसे आग पर काबू पाया गया।