सुभाषनगर से गणेश प्रतिमा भी चुराई थी, तमंचे-कारतूस भी मिले
बरेली। किला थाना पुलिस ने रविवार सुबह सुभाषनगर क्षेत्र से चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की पांच बाइक, दो स्कूटी, एक गणेश भगवान की मूर्ति, दो तमंचे और कारतूस समेत करीब तीन हजार रुपये बरामद हुए।
सीओ द्वितीय सोनाली मिश्रा ने बताया कि किला थाना पुलिस ने दौली रघुवरदयाल रोड से सुभाषनगर के बंशी नगला निवासी संगम गुप्ता उर्फ सिंघम, सचिन सिंह ठाकुर और मढ़ीनाथ निवासी संजीव को संदेह के आधार पर गिरफ्तार किया। सचिन मूल रूप से रामपुर जिले के शाहबाद का निवासी है। तीनों मिलकर किला और सुभाषनगर क्षेत्र में बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। मौका मिलने पर घरों में भी चोरी कर लेते थे।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने एक बाइक विनायक अस्पताल के पास से चोरी की थी। अपाचे बाइक बाकरगंज से चुराई थी। बाइक का नंबर प्लेट भी बदल दिया था। तीनों ने बताया कि वे चोरी की बाइक खंडहर में छिपाते हैं और बाद में बेच देते हैं। इन्हीं बाइकों से चोरी की घटनाएं करते हैं।
चोरी के वक्त साथ रखते थे मूर्ति
सीओ ने बताया कि आरोपी सचिन ठाकुर ने पुलिस को जानकारी दी कि लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति उसने अपने साथी रमेश गिरि और अंशु सक्सेना के साथ मिलकर मढ़ीनाथ स्थित एक घर से चोरी की थी। इस मूर्ति को आस्था के रूप में सचिन अपने पास रखता था। चोरी के दौरान भी साथ लेकर निकलता था। सुभाषनगर थाने में मूर्ति चोरी की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया। ब्यूरो