बरेली। लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी के अश्लील फोटो वायरल करने और यौन उत्पीड़न की धमकी देने का मामला सामने आया है। कोतवाली में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली इलाके में लेफ्टिनेंट कर्नल की कोठी है। लेफ्टिनेंट कर्नल ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि वहां उनकी पत्नी रहती हैं। दो अप्रैल को उन्होंने आवासीय परिसर का एक हिस्सा कैफे संचालन के लिए रोहित सक्सेना को किराये पर दिया था। रोहित ने पुलिस सत्यापन की रसीद तो दी, लेकिन प्रमाणपत्र नहीं दिया। परिसर खाली करने के बाद उसने लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी और उनके परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
रोहित सक्सेना पर लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी की तस्वीरों को अश्लील रूप में मॉर्फ कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप है। रोहित ने महिला और उसके परिवार से रुपये मांगे। मांग पूरी न होने पर बदनाम करने की धमकी दी। उस पर लेफ्टिनेंट कर्नल की पत्नी के फोन पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का भी आरोप है।
खुद को पुलिस अधिकारी बताकर धमकाया
लेफ्टिनेंट कर्नल ने बताया कि रोहित सक्सेना ने उनकी पत्नी के व्यवसाय को नष्ट करने और झूठे आरोप लगाने की धमकी दी। उसने व्हाट्सएप के माध्यम से दावा किया कि उनकी पत्नी का मोबाइल नंबर बंद करा दिया है। रोहित महिला की कॉल डिटेल, संपर्क की जानकारी और निजी डेटा होने का दावा भी किया है। लेफ्टिनेंट कर्नल को डर है कि इससे निजता का उल्लंघन हो सकता है। उसने खुद को प्रेमनगर थाने का पुलिस अधिकारी बताकर परिवार के परिचितों और रिश्तेदारों को गुमराह किया। लेफ्टिनेंट कर्नल के पिता और अन्य परिजनों से फोन कॉल पर गाली-गलौज करने और धमकी देने का भी आरोप है।
ई साक्ष्य पुलिस को सौंपा
लेफ्टिनेंट कर्नल ने व्हाट्सएप चैट जैसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य पुलिस को देकर उन्हें जांच में शामिल करने, पत्नी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया है।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। आरोपी की गिरफ्तारी भी की जाएगी। - आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम