बरेली। आतंकी हमलों से निपटने के लिए त्रिशूल एयरबेस की सुरक्षा पुख्ता करने की तैयारी शुरू हो गई है। आईजी विजय सिंह मीना की निगरानी में एयरबेस का सुरक्षा कवच तैयार किया जा रहा है। एयरबेस की बाउंड्री के पास होकर गुजरने वाले नाले में सुरक्षा के लिहाज से मोटा जाल लगाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के संवेदनशील इलाकों में सेंसर लगाए जाएंगे। बाउंड्रीवाल की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। त्रिशूल एयरबेस की पूरी बाउंड्रीवाल तीसरी आंख की नजर में रहेगी।
आईजी के निर्देश पर सीओ एलआईयू नागेंद्र चतुर्वेदी ने त्रिशूल एयरबेस की सुरक्षा का खाका तैयार कराने के लिए टीम को लगा दिया है। पीलीभीत और नैनीताल रोड पर त्रिशूल एयरबेस के दोनों गेटों पर बसे लोगों की सूची एलआईयू की टीम ने बनानी शुरू कर दी है। दो रजिस्टर बनाए जा रहे हैं। पीरबहोड़ा में एयरबेस के सामने रहने वाले हर शख्स का नाम पता रजिस्टर में होगा। रजिस्टर में यह भी जानकारी दर्ज कराई जाएगी कि उन्होंने जिस जमीन पर घर बनाया है, वह किससे और कब खरीदी है। इनमें से एक रजिस्टर एयरबेस के अधिकारियों के पास रहेगा।
सुरक्षा कवच....
... एयरबेस की बाउंड्री के 50 से 100 मीटर तक बसे लोगों का वेरीफिकेशन भी होगा।
... एयरबेस से पीरबहोड़ा होकर धौरहरा माफी होकर खजुरिया घाट जाने वाला नगर निगम का नाला भी सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। नाले में मजबूत जाल लगाने की जिम्मेदारी नगर निगम और बीडीए के अधिकारियों को दी गई है।
... एयरबेस के चारों तरफ रिंग रोड बनाए जाने के लिए प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
... रिंग रोड से त्रिशूल एयरबेस की सुरक्षा को गश्त होगी। नागरिक पुलिस के अलावा सेना के जवान भी इस रोड से गश्त कर सकेंगे।
- त्रिशूल एयरबेस की सुरक्षा को पूरा खाका तैयार करा रहे हैं। सुरक्षा को सेना और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की कमेटी बना दी गई है। एलआईयू की टीम एयरबेस के आसपास रहने वालों के नाम पते रजिस्टर में दर्ज कर रही है। इसके जरिए उन सभी की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी- विजय सिंह मीना, आईजी