बरेली। मौलाना तौकीर को पनाह देने वाले का आशियाना छिनेगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की टीम फाइक एन्क्लेव निवासी फरहत के घर पर कार्रवाई करेगी। फोर्स न मिलने से बीडीए की टीम सोमवार को रुक गई। फोर्स मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बवाल कराने की साजिश रचने के मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर को अपने घर में पनाह देने वाले उसके करीबी फरहत का फाइक एन्क्लेव स्थित मकान अब बीडीए के निशाने पर है। सोमवार को बीडीए की टीम ने फरहत के घर का सर्वे कर उसका वीडियो बनाया। अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार को ही फरहत के मकान की सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी थी, पर बीडीए की टीम को लोकेशन की जानकारी नहीं थी। इसलिए पहले बीडीए के अफसर मौके पर पहुंचे और कार के अंदर से ही मकान का वीडियो बनाकर लौट आए।
सीलिंग या ध्वस्तीकरण... इस पर असमंजस
फरहत का मकान सील होगा या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी, इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। बीडीए अफसरों के मुताबिक, उच्चाधिकारियों ने इसको लेकर अभी कुछ साफ नहीं किया है। फोर्स के साथ मौके पर पहुंचने पर ही उन्हें कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। इस समय मौलाना का साथ देने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है जाे बेहद गोपनीय है।