हैवानियत के बाद बच्चे को मारकर शव से जेवर भी उतार ले गया
विज्ञापन
घर में ठहरने के बाद खेलने के बहाने बच्चे से बढ़ाई थी मेलजोल
अलीगंज। हैवानियत के बाद मासूम की नृशंसता से हत्या करने वाला प्रेमपाल एक साल पहले ग्रामीण के घर आया था। बच्चे के पिता ने बताया कि आरोपी उनके बहनोई के साथ एक शादी में आकर उनके घर रुका था। तब उसकी जमकर खातिरदारी की थी। इस बार भी वह आकर रुका तो उसकी मेहमाननवाजी में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। लेकिन पता नहीं था कि मेहमान की शक्ल में आए दरिंदे की गंदी नजर उनके मासूम बेटे पर है। वह घंटों तक बच्चे के साथ खेलने का नाटक करता रहा। उससे मेलजोल बढ़ाई और फिर जंगल में ले जाकर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। हत्या के बाद शव से खंडुवा, चांदी की करधनी और गले में पड़ा सोने का दाना भी उतार ले गया।
बच्चे के पिता ने बताया कि आरोपी प्रेमपाल उनके फुफेरे बहनोई का पड़ोसी और दोस्त है। एक साल पहले उनके छोटे भाई की शादी में वह बहनोई के साथ आया था। उसी समय से उनका परिवार प्रेमपाल को पहचानने लगा। उसे रिश्तेदार की तरह ही परिवार सम्मान देता था। रविवार शाम प्रेमपाल उनके घर साइकिल से आया। उसने बताया कि पड़ोस के गांव में वह अपना कर्जा लेने गया था। कर्जदार ने पैसे नहीं दिए तो वह उसकी नई साइकिल उठा लाया है। बताया कि शाम को खाना खाने से पहले प्रेमपाल ने अपने ही पैसे से उनसे शराब मंगवाकर पी थी। सुबह तक उनके बेटे के साथ खेलता रहा। शाम से सुबह तक बातचीत में उनका बेटा भी उससे हिलमिल गया। इसी का फायदा उठाकर उसने घटना की। हत्या के बाद बच्चे के गले में पड़ा सोने का दाना, चांदी की करधनी और खंडुवा भी निकालकर ले गया। झाड़ियों के पास जानवर चरा रहे चरवाहों ने बच्चे की लाश को देखकर परिवार को सूचना दी थी। आरोपी अपनी साइकिल गांव में ही छोड़ गया। पुलिस ने साइकिल कब्जे में ले ली है। आरोपी प्रेमपाल मूल रूप से बदायूं के कादरचौक का निवासी है। वह काफी समय से आंवला व विशारतगंज सीमा के गांव मातियाडांडी में आकर बस गया है।
सिरौली की घटना का खुलासा नहीं कर सकी पुलिस
इससे पहले तीन और मासूमों की हत्या इसी तरह आंवला सर्किल में अलग अलग स्थानों पर हो चुकी है। अलीगंज, भमोरा में कुकर्म के बाद हुई मासूमों की हत्या का पुलिस खुलासा कर चुकी है पर सिरौली की घटना अभी तक नहीं खुल सकी है। वहां एक बच्चे का प्राइवेट पार्ट काटकर हत्या कर शव तालाब में फेंका गया था। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी का कहना है कि संदिग्धों को ट्रेस कर लिया है लेकिन फिलहाल खुलासा करने लायक साक्ष्य नहीं मिले हैं।