Those who eat non-food are more likely to complain of stones
पथरी जोन में शामिल बरेली में रविवार को यूरोलॉजी यानी मूत्र रोग पर विशेषज्ञों ने कई जानकारी दी। नार्थ जोन यूरोलॉजी सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने बताया कि नॉनवेज खाने वालाें में पथरी की शिकायत ज्यादा हो रही है। इसमें यूरिक एसिड और कैल्शियम अधिक होने से पथरी बनती है। वहीं, भ्रांति है कि शराब और बियर पीने से पथरी पेशाब के रास्ते से बाहर निकल जाती है जो बिल्कुल गलत है।
ग्रीन पार्क स्थित एक होटल में आयोजित कांफ्रेंस में डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि पथरी का आम कारण अधिक शुगर का प्रयोग और पानी की कमी है। लोग अधिक कोल्डड्रिंक और फास्ट फूड का सेवन कर रहे हैं इससे भी समस्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि पथरी से मुक्ति पाने के लिए लेजर सर्जरी एक अच्छा विकल्प बनकर सामने आया है। इसमें पैसे थोड़े ज्यादा है लेकिन आपको दूसरे दिन ही छुट्टी मिल जाती है और आप काम पर जाने लगते हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि बियर पीने से पथरी न होने की भ्रांति की असलियत यह है कि इसमें जो पानी होता है वही पथरी को बाहर निकालने में सहायता करता है, एल्कोहल पथरी पर और बुरा असर डालती है। उन्होंने बताया कि बरेली पथरी जोन में आता है। यहां अधिक लोगों को पथरी होती है, इसका कारण यहां का खानपान, पानी और मौसम है।