बहेड़ी। सराफा व्यापारियों को नकली जेवर बेचकर चूना लगाने के आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। उनके पास से 90 हजार रुपये, चार चूड़ियां और एक कार भी बरामद की गई है।
डाकखाना रोड स्थित सिद्धि विनायक ज्वैलर्स के ओमप्रकाश पिपलानी ने बताया कि दो महिलाएं बीते दिनों उनके प्रतिष्ठान पर आई थीं। उन्होंने सोने की दो चूड़ियां बेचने की बात कही। प्राथमिक जांच के बाद उन्होंने दोनों को 90 हजार रुपये दे दिए। बाद में जांच कराने पर चूड़ियां नकली पाई गईं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। सोमवार को सूचना मिली कि आरोपी शीशगढ़ में पकड़े गए हैं।
पुलिस उन्हें बहेड़ी थाने ले आई। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम गाजियाबाद निवासी उग्रसेन व दोनों महिलाओं के नाम वंदिता व प्रिया बताए। उसने बताया कि दोनों उसकी बेटियां हैं। कार चालक का नाम छतरपुर निवासी गौरव बताया। आरोपियों ने बताया कि अब तक वह कई व्यापारियों से ठगी कर चुके हैं। सीओ बहेड़ी अरूण कुमार ने बताया कि कार को सीज करने के बाद पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।