बरेली। चौरी-चौरा शताब्दी समारोह बृहस्पतिवार को बूंदाबांदी के बीच शुरू हुआ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के स्मारकों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया। जिला कारागार परिसर में खान बहादुर खां के शहीद स्थल पर अफसरों ने उनके परिजनों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
बूंदाबांदी के बीच ही जीजीआईसी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कई छात्राएं जिला कारागार में समारोह स्थल पर पहुंची। वंदेमातरम से शुरू हुए समारोह में मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद और डीएम नितीश कुमार समेत दूसरे अफसरों ने शहीद खान बहादुर खां के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। डीएम ने चौरी-चौरा की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें उन आदर्शों को सदैव याद रखना होगा जिनके कारण स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। जो लोग अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं, वे भी सेनानी हैं क्योंकि ईमानदारी से जीवन व्यतीत करना भी एक संग्राम होता है। सभी को सदैव दृष्टिकोण सकारात्मक रखना चाहिए, चुनौतियां चाहें कितनी बड़ी क्यों न हों। समारोह का संचालन डॉ.गोविंद दीक्षित ने किया। इस मौके पर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग, एडीएम प्रशासन महेंद्र कुमार सिंह, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, डीआईओएस डॉ. अमरकांत सिंह, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या अनु पाराशर, शिक्षिका अर्चना राजपूत, क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्रांतिकारियों और शहीदों के परिजन को किया सम्मानित
शहीद खान बहादुर खान के वंशज शफ्फन खां व लियाकत खां, शहीद पंकज अरोड़ा के पिता श्याम सुंदर अरोड़ा, माता प्रेमलता अरोड़ा, भाई विजय अरोड़ा, क्रांतिकारी कृष्ण मुरारी असर की पत्नी उर्मिला असर, शहीद दीनदयाल की पत्नी उषा देवी, शहीद सिपाही अनिल कुमार सिंह की पत्नी सुशीला देवी, नायक शमसहाय मिश्रा की पत्नी लीलावती, सिपाही कप्तान सिंह की पत्नी सुहागा देवी आदि को स्मृति चिन्ह देकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी लोगों ने देखा।
महापुरुषों की प्रतिमाओं व स्मारकों पर किया गया माल्यार्पण
गांधी उद्यान में महात्मा गॉधी, गांधी उद्यान के सामने बुद्ध पार्क में भगवान गौतम बुद्ध, सर्किट हाउस चौराहे पर शहीद हेमू कलीन, मंडलायुक्त आवास के सामने गोविन्द बल्लभ पंत, बड़े डाकखाने के पीछे राममनोहर लोहिया, कचहरी में चौधरी चरण सिंह, एडीएम कंपाउंड के सामने सेठ दामोदर स्वरूप, चौकी चौराहे के पास जवाहर लाल नेहरू, चौकी चौराहे के पास महात्मा गांधी, अयूब खां चौराहे पर सरदार पटेल, नगर निगम कार्यालय के पास स्वामी विवेकानंद, कोतवाली के सामने डॉ. भीमराव आंबेडकर, कसगरान में लाल बहादुर शास्त्री, किला में सत्य प्रकाश, छोटी विहार पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर, डेलापीर पार्क में रानी अवंती बाई, सीआई पार्क कैंट में नेता जी सुभाष चंद्र बोस, राजेंद्र नगर पार्क में बांके बिहारी मंदिर के सामने चिरौंजी लाल गुप्त, शील चौराहे पर वीर शिवाजी, पीडब्लूडी कॉलोनी पार्क में प्रताप चंद्र बारहट, मंडलायुक्त कार्यालय में शहीद स्थल आदि पार्को में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर आज माल्यार्पण किया गया।
भाजपा ने शहीद स्मारकों पर किए दीप प्रज्वलित
बरेली। प्रदेश सह संगठन महामंत्री करवीर सिंह ने बहेड़ी में शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। युवा मोर्चा ने शहीद स्मारक स्थान पर स्वच्छता अभियान चलाकर डीडीपुरम स्थित शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष सुधांशु सक्सेना, गुलशन आनंद, उपसभापति संजय राय, सतीश, प्रतिपाल सिंह बंटी ठाकुर, राज अग्रवाल, जवाहर लाल आदि मौजूद रहे।