फरीदपुर के दो लोगों का दुबई जाने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने का मामला आया सामने
मामले का ऑडियो वायरल होने पर सीएचसी अधीक्षक ने स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ दी तहरीर
फरीदपुर। सात दिन बरेली में रहकर इंग्लैंड लौटे में कामयाब रहे संक्रमित एनआरआई की गुत्थी अभी स्वास्थ्य विभाग सुलझा नहीं पाया कि फरीदपुर में दुबई जाने के लिए दो लोगों का टीकाकरण कराए बिना ही फर्जी सर्टिफिकेट बनवाने का मामला सामने आया है। मामले में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी का ऑडियो वायरल होने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. वासिल अली ने स्वास्थ्यकर्मी के खिलाफ फरीदपुर थाने में तहरीर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी ने तीन सौ रुपये घूस लेकर मिर्धान मोहल्ले के दो लोगों का टीकाकरण का फर्जी प्रमाण पत्र जारी कर दिया। दोनों ने दुबई जाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी से सांठगांठ कर टीकाकरण करवाने का फर्जी प्रमाण जारी करा लिया। स्वास्थ्य कर्मी का ऑडियो वायरल होने के बाद मामला पकड़ में आया। ऑडियो में स्वास्थ्य कर्मी बिना वैक्सीन लगवाए ही तीन सौ रुपये लेकर प्रमाण पत्र जारी करने की बात कह रहा है।
रिश्वत लेकर टीकाकरण का फर्जी प्रमाण पत्र देने का मामला संज्ञान में आया है। इस पर फरीदपुर थाने में स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। - डॉ. वासित अली, सीएचसी अधीक्षक फरीदपुर