सीबीगंज। खंडेलवाल ऑटोमोबाइल बाइक एजेंसी के पीछे दीवार पर लगे सुरक्षा तार काटकर घुसे चोरों ने ऑफिस की ग्रिल काटकर दराज में रखे चार लाख रुपये व चांदी के सिक्के समेत काफी सामान चोरी कर लिया। चोर सीसी कैमरे तक उखाड़ ले गए, जबकि तार कटर व रिंच छोड़ गए। पुलिस के साथ ही फाॅरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा। गांधीपुरम निवासी मनीष खंडेलवाल ने पुलिस को बताया कि सीबीगंज में रामपुर रोड पर उनका खंडेलवाल ऑटोमोबाइल शोरूम है। सोमवार रात दिवाली के दिन वह अपनी एजेंसी बंदकर कर्मचारियों के साथ घर निकल गए थे, ड्यूटी पर गार्ड तैनात था।
रात में किसी समय चोर एजेंसी के पीछे की दीवार के तार काटकर अंदर घुस गए। उन्होंने सबसे पहले सीसी कैमरे तोड़े और फिर ऑफिस की खिड़की की ग्रिल को कटर से काटकर अंदर घुस गए। फिर चोरों ने ऑफिस व कैश रूम की दराज तोड़ी। पटाखों की आवाज में गार्ड को तोड़फोड़ की आवाज भी सुनाई नहीं दी।
एमडी मनीष खंडेलवाल के बेटे कपिल खंडेलवाल ने बताया कि बिक्री के चार लाख रुपये, गिफ्ट में देने के लिए रखे करीब 15-20 चांदी के सिक्के, पूजास्थल पर भी रखे चांदी के सिक्के करीब सात हजार रुपये की रेजगारी व अन्य सामान ले गए। सुबह जब वह लोग एजेंसी पर पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। संवाद