बरेली। कैंट क्षेत्र में चोरी के इरादे से घर में घुसे चोरों ने महिला से छेड़खानी कर दी। कैंट थाने में मामले की रिपोर्ट कराई गई है।
एक गांव निवासी शख्स ने कैंट थाना प्रभारी संजय धीर को बताया कि वह सिलाई फैक्टरी में काम करता है। 13 जून की रात वह मेन गेट का ताला लगाना भूल गया था। आधी रात के बाद तीन चोर उसके घर में घुस आए। तभी उनकी आंख खुल गई। उनकी पत्नी बच्ची को लेकर बैठक में चली गईं। इस दौरान एक चोर ने कहा कि हमारे परिवार की एक महिला कहीं चली गई है। उसकी तलाश में आए हैं। तभी दूसरा चोर उनकी पत्नी से छेड़खानी करने लगा।
पत्नी सड़क की ओर भागीं तो चोर ने डंडा फेंककर मारा। इससे पत्नी के हाथ से बच्ची छूट गई। एक चोर ने बच्ची को उठाकर चारपाई पर लिटा दिया। दो आरोपी उनकी पत्नी को खींचकर गेट के पास ले आए और छेड़खानी करने लगे। इस बीच वहां से पुलिस टीम गुजरी तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। चोरों के पास तमंचा, चाकू और डंडा भी था। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्दी खुलासा कर दिया जाएगा।