बरेली। कोतवाली क्षेत्र में लगातार छिनैती और लूट की घटनाएं करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से पुलिस ने लूटे गए चार मोबाइल, दो चाकू और एक बाइक बरामद की है।
कोतवाली के बिहारीपुर निवासी राज कश्यप उत्तराखंड के युवक संग मिलकर मोबाइल छिनैती करता था। कोतवाली पुलिस शुक्रवार को मिशन अस्पताल के पीछे पहुंची। वहां लूट की योजना बना रहे राज कश्यप व हल्द्वानी की जीतपुर नेगी कॉलोनी निवासी रितेश को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ने छिनैती की घटनाएं करने की बात स्वीकार की। दोनों ने कोतवाली क्षेत्र में 19 फरवरी को अमन सक्सेना, 24 जुलाई को अरुण कुमार, 25 जुलाई को शुभम सक्सेना से मोबाइल छीने थे।
दोनों ने बदायूं के उझानी से एक बाइक चोरी की थी, जिसका इस्तेमाल मोबाइल लूटने में करते थे। लूट का विरोध करने पर चाकू से हमला कर देते थे। पुलिस ने दोनों से लूटे गए चार मोबाइल, दो चाकू और एक चोरी की बाइक बरामद की है। राज और रितेश लूटे गए मोबाइल बेचकर खर्च चलाते थे और शौक पूरे करते थे। ब्यूरो