बरेली की ओर का काम आज शाम तक हो जाएगा पूरा, गड्ढा मुक्त होने से नहीं फंसेंगे वाहन
कटरा/फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। आए दिन जाम के लिए चर्चित हुलासनगरा क्रॉसिंग पर बुधवार से काफी हद तक जाम से राहत मिल सकती है। बरेली-सीतापुर हाईवे पर तीन दिन के लिए बंद की गई क्रॉसिंग के दौरान रेलवे पटरियों की मरम्मत करा रहा है। दूसरी ओर एनएचएआई दोनों ओर ऊबड़ खाबड़ सड़क को नए सिरे बनाने का काम कर रहा है।
शाहजहांपुर की तरफ का काम पूरा भी हो चुका है। मंगलवार शाम तक बरेली के हिस्से में आनी वाली सड़क भी नए सिरे से बन जाएगी। सड़क गड्ढा मुक्त होने से वाहन आसानी से निकल सकेंगे। रेलवे के पीडब्ल्यूआई हरगोविंद और राजेंद्र पाल ने बताया कि क्रॉसिंग पर अप लाइन का कार्य पूरा हो चुका है। पैकिंग का कार्य भी देर शाम तक पूरा हो गया। डाउन लाइन पर पुरानी चक रेल निकालकर मरम्मत का काम शुरू किया गया है। मंगलवार दोपहर तक यह कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
एनएचएआई के सहायक अभियंता मोहम्मद इसरार ने बताया कि क्रॉसिंग पर शाहजहांपुर की तरफ सड़क को समतल बनाने का काम पूरा हो चुका है। बरेली की ओर का बचा हुआ हिस्सा भी 2 जून तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद जब क्रॉसिंग खुलेगी तो वाहन पूरी रफ्तार से निकल सकेंगे, जिससे कम समय में अधिक वाहन निकल सकेंगे।
क्रॉसिंग बंद होने से संपर्क मार्गों से रेंग-रेंगकर निकले वाहन
जैतीपुर। कसरक और जैतीपुर संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील होने की वजह से इन पर भी वाहन फर्राटा नहीं भर पाते। सोमवार को दूसरे दिन भी इन मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही और दिन भर वाहन रेंगते रहे।
हुलासनगरा क्रॉसिंग बंद होने से वाहनों को जैतीपुर की ओर डायवर्ट किया गया। सोमवार को ट्रैफिक को सिउरा मोड़ और खैरपुर चौराहे से डायवर्ट कर फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, बदायूं के लिए निकाला गया। बरेली की ओर जाने वाले वाहन विकल्प के तौर पर नेशनल हाईवे स्थिति तिलहर से खैरपुर चौराहा और यहां से जैतीपुर होते हुए बरेली निकले। इसी तरह बड़ी संख्या में वाहन मीरानपुर कटरा से सिउरा खमरिया होते हुए जैतीपुर पहुंचे। यहां से नवादा मोड़ पर दातागंज, फतेहगंज पूर्वी की ओर जाने वाले वाहन निकाले गए, जिससे जैतीपुर में सड़क के गड्ढे में दोनों तरफ से आ रही गाड़ियों को निकलने को जगह न बचपाने से जैतीपुर से करकौर गांव तक एक किलोमीटर से लंबा जाम लग गया। पुलिस ने प्रयास कर धीरे-धीरे जाम को खुलवाया।