बरेली। ईद के मौके पर शनिवार सुबह पांच बजे से पर्व की समाप्ति तक भारी वाहन शहर में प्रतिबंधित रहेंगे। एसपी यातायात अकमल खान ने लोगों को परेशानी से बचने के लिए डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की सलाह दी। कहा है कि वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और असुविधा से बचें।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल व पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा, बड़ा बाइपास, विलवा, विलयधाम, नवदिया झादा, इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्टनगर तक आ सकेंगे। दिल्ली, रामपुर, नैनीताल व पीलीभीत की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाइपास से विलयधाम, इन्वर्टिस, फरीदपुर, दातागंज, देवचरा होकर जा सकेंगे। बदायूं की तरफ आने वाले भारी वाहन देवचरा, दातागंज, फरीदपुर, इन्वर्टिस तिराहा से ट्रांसपोर्ट नगर तक आ सकेंगे।
दिल्ली, रामपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहे से मिनी बाइपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर, सौ फुटा पूर्वी होते हुए सेटेलाइट बस स्टैंड तक आएंगी व इसी रास्ते से वापस जाएंगी। नमाज के दौरान सभी तरह के भारी वाहन, रोडवेज बसें, चौकी चौराहा व मिनी बाइपास से दूल्हे मियां मजार की तरफ प्रतिबंधित रहेंगी। ब्यूरो