बरेली। नए वित्तीय वर्ष में उपभोक्ताओं को गृहकर जमा करने पर धनराशि में छूट मिलेगी। महापौर ने इस संबंध में ज्ञापन सौंपने वाले पार्षदों को आश्वासन दिया है। वहीं पार्षदों ने स्वकर निर्धारण आवेदन सुविधा भी छूट के साथ दोबारा शुरु किए जाने की मांग उठाई है। महापौर ने इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है।
गृहकर बिलों का वितरण और बिल जमा किए जाने की प्रक्रिया 15 अप्रैल के बाद शुरू हो जाएगी। इसके लिए विभाग सॉफ्टवेयर में डेटा अपडेट करने में जुटा हुआ है। इसीलिए सोमवार को उपसभापति सर्वेश रस्तोगी के नेतृत्व में पार्षद सलीम पटवारी, छंगामल मौर्य, सलीम अहमद ने महापौर उमेश गौतम को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि गृहकर जमा करने पर बिल में अप्रैल, मई, जून में 10 प्रतिशत, जुलाई-अगस्त व सितंबर में 7.5 प्रतिशत और अक्टूबर, नवंबर व दिसंबर में 5 प्रतिशत की छूट उपभोक्ताओं को दी जाए। इसके अलाव स्वकर निर्धारण के फार्म जमा कराए जाने की मांग की गई। संवाद