बरेली। हर घर स्वच्छता, हर घर हरियाली कार्यक्रम के तहत होम कम्पोस्टिंग के लिए जिले से एक हजार से ज्यादा लोगों का चयन किया जाएगा। इनको होम कम्पोस्टिंग के माध्यम से बाग, टेरेस गार्डन व बालकनी गार्डन को दृष्टिगत रखते हुए हर घर में स्वच्छता एवं हरियाली को बढ़ावा देना होगा। दो माह के कार्यक्रम के बाद इन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के लोगों को होम कम्पोस्टिंग में प्रतिभाग करने के लिए जागरूक किया जाएगा। नगर निगम ने 15 जुलाई से 15 सितंबर तक दो माह के लिए कार्यक्रम शुरू किया है। कार्यक्रम के पूरा होने के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले एक हजार लोगों को एक-एक हजार, सौ लोगों को दो-दो हजार, 10 लोगों को तीन-तीन हजार सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन लोगों को पांच-पांच हजार रुपये की वस्तु उपहार के रूप में दी जाएगी। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल लोगों को सोशल मीडिया पर मेरा कचरा मेरी जिम्मेदारी के साथ अभियान को हैशटैग भी करना होगा। संवाद