मीरगंज। दिल्ली जाने वाली कार में सीट पर बैठने के लिए बुधवार की देर रात दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इसमें महिला गंभीर घायल हो गई, जबकि पांच लोग मामूली चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा है।
बहादुरपुर निवासी जाहिद अली अपनी पत्नी बब्बो के साथ दिल्ली जाने के लिए मीरगंज पहुंचे थे। तभी पीछे से अशान निवासी रैइयानगला भी दिल्ली जाने के लिए आ गया। वह तीनों दिल्ली जाने वाली कार में बैठ गए। तभी जाहिद अली और आशान में सीट को लेकर मारपीट हो गई। दोनों पति-पत्नी ने आशान को पीट दिया। इसके बाद आशान ने अपने घर रैइया नगला फोन कर दिया तो वहां से अरशद, अरचन पत्नी छोटे, आशान की चचेरी भाभी व कई अन्य लोग मीरगंज-सिरौली चौराहे पर आ गए। बब्बो और उसके पति जाहिद अली को सिरौली चौराहे पर पकड़कर रोड पर बेरहमी से पीटा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बब्बो को काफी चोट आई है। वीडियो वायरल होने के बाद पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर महिला को अस्पताल के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह ने बताया कि अभी दोनों ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद