बैठक करते कैंट बोर्ड के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। कैंट बोर्ड क्षेत्र में रहने वालों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की कवायद शुरू हो गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के वीडियो कांफ्रेंसिंग में मिले निर्देशों के बाद शुक्रवार को कैंट बोर्ड सभागार में कैंट बोर्ड और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान अधिकारियों ने कैंट बोर्ड के सीईओ विवेक सिंह को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
पिछले दिनों रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सभी कैंट बोर्ड सीईओ के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग कर वहां के निवासियों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद तय हुआ कि कैंट बोर्ड विभिन्न विभागों के स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का कैंट के निवासियों को लाभ दिलाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को कैंट बोर्ड सभागार में सीईओ विवेक सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, इसमें नगर निगम, बेसिक शिक्षा, दिव्यांग जन सशक्तीकरण, डूडा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इन सभी विभागों के अधिकारियों ने कैंट बोर्ड के सीईओ को केंद्र और राज्य सरकार की अमृत मिशन, सामूहिक विवाह, पेंशन समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। सीईओ ने कहा कि जल्दी ही इन विभागों की योजनाओं को कैंट क्षेत्र में लागू किया जाएगा।