बरेली। कोरोना काल के दौरान बंद की गई 54461-62 बरेली-बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन के फिर से संचालन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने पर उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल ने इन्कार कर दिया है। हालांकि, प्रायोगिक तौर पर छह माह के लिए वाया चंदौसी, अलीगढ़, मथुरा, भरतपुर बरेली-बांदीकुई पैसेंजर के संचालन पर विचार करने की बात कही गई है।
बरेली-बांदीकुई के बीच कोरोना काल से पहले तक पैसेंजर ट्रेन का संचालन होता था। कोरोना काल में इस ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया। अन्य रूटों पर बंद की गईं ट्रेनों का तो संचालन फिर से शुरू हो गया, लेकिन बरेली-बांदीकुई पैसेंजर का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। अशोक कुमार सैनी नाम के यात्री ने बरेली-बांदीकुई पैसेंजर के संचालन को लेकर मंडल से सवाल पूछा था। एडीआरएम ऑपरेटिंग परितोष गौतम ने इसके जवाब में कहा है कि बरेली-बांदीकुई पैसेंजर के फिर से संचालन के लिए कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है। हालांकि, इस रूट पर छह माह के लिए प्रायोगिक तौर पर पैसेंजर ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है। संवाद