बरेली। तीन दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड से विद्युत उपकरणों के बाजार में गर्माहट आ गई है। सप्ताह भर पहले के सापेक्ष अब कारोबार में करीब 70 फीसदी की उछाल दर्ज की गई है। ठंड से बचाव के उपकरणों की जबरदस्त मांग है।
मांग काे देखते हुए बाजारों में दुकानदारों ने ब्लोअर, रूम हीटर, गीजर के पुराने स्टॉक के साथ नई तकनीक के उपकरणों को सजा दिया है। इस बार ग्राहक साइलेंट ब्लोअर, फैन रूम हीटर, इंस्टेंट गीजर, गैस गीजर की डिमांड कर रहे हैं। बाजार में महंगे और नई तकनीक वाले रूम हीटर और गीजर के साथ परंपरागत और सस्ते उपकरण भी मौजूद हैं। अचानक बढ़ी ठंड ने मौसम के आगे के रुख को भी साफ कर दिया है।
पटेल चौक स्थित विद्युत उपकरणों के कारोबारी रचित जायसवाल के मुताबिक तीन दिन से व्यापार में तेजी आई है। रूम हीटर, पानी गर्म करने वाले रॉड, गीजर, ब्लोअर आदि की खरीद के लिए ग्राहक आने लगे हैं। सिकलापुर और पुराने बस अड्डे पर भी कतार लग रही है। बाजार में 500 से आठ हजार रुपये तक के रूम हीटर, ब्लोअर उपलब्ध हैं। गीजर भी दो से दस हजार तक के हैं।
बाजार में कई तरह के बिक रहे हीटर-गीजर
बाजार में फैन हीटर्स, इलेक्ट्रिक हीटर, हैलोजन हीटर, हीट कन्वेक्टर्स, साइलेंट ब्लोअर, पोर्टेबल इलेक्ट्रिक हीटर, रेडिएंट रूम हीटर, सिंगल, डबल और ट्रिपल क्वाॅइल हीटर बिक रहे हैं। वहीं, गीजर की श्रेणी में इलेक्टि्रक गीजर, इंस्टेंट गीजर, स्टोरेज गीजर, गैस गीजर की मांग जबरदस्त है। अमर उजाला ब्यूरो