बरेली। शहर की सीमा पर चार प्रवेश द्वारों का काम लगभग पूरा होने के बाद बीडीए की ओर से यहां सुंदरीकरण के अन्य कार्य करने की योजना बनाई गई है। शाहजहांपुर रोड पर इन्वर्टिस के निकट व दिल्ली रोड पर झुमका चौराहे के पास बनाए गए द्वारों के पास फोकस वॉल व थीम पार्क बनाए जाएंगे।
झुमका चौराहा और इन्वर्टिस के निकट थीम पार्क विकसित करने के लिए टेंडर निकाले गए हैं। इन्वर्टिस विश्वविद्यालय के निकट शिव परिवार और झुमका चौराहे पर नंदी बाबा के दर्शन होंगे। पार्क और द्वार पर बद्रीनाथ धाम की तर्ज पर रंग-विरंगी रोशनी कराए जाने की कवायद है।
फिलिप्स और बजाज जैसी बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधि बीडीए अधिकारियों के सामने प्रस्तुतीकरण दे चुके हैं। मार्च से यहां काम शुरू होने का दावा किया जा रहा है।
शहर की सीमाओं पर स्वागत द्वारों का सिविल वर्क तकरीबन पूरा हो चुका है। मार्च में द्वारों पर मूर्तियां और डमरू के साथ त्रिशूल लगाए जाएंगे। द्वार से शहर में प्रवेश करते समय नाथ नगरी का अहसास होगा। - योगेंद्र कुमार, सचिव, बीडीए
अमर उजाला ब्यूरो
सेटेलाइट पुल पर भी होगी थीम पेंटिंग और लाइटिंग
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। सेटेलाइट पुल पर भी शिव भक्ति की थीम पर पेंटिंग और लाइटिंग की जाएगी। फिलहाल प्रोजेक्ट पर आने वाले खर्च का आकलन किया गया है। जल्द ही टेंडर निकालकर यहां काम शुरू कराने का दावा किया जा रहा है।
दिल्ली की तर्ज पर पुलों को सजाने-संवाने का काम बीडीए ने शुरू किया है। इसके लिए सबसे पहले सेटेलाइट पुल को चुना गया है। इसे पेंटिंग्स और लाइटिंग से सजाने की तैयारी है। पुल के पिलर्स पर भगवान शिव के स्वरूपों की पेंटिंग बनाई जाएंगी।
नामी-गिरामी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सजावट और अनुमानित व्यय के आकलन के साथ प्रस्तुतीकरण दिया है। जल्दी ही इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बीडीए के सचिव योगेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही यहां काम शुरू किया जाएगा।
शिव को समर्पित होगा रामायण वाटिका का फ्लावर शो
बरेली। बीडीए की ओर से रामायण वाटिका में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाला फ्लावर शो शिव को समर्पित होगा। फ्लावर शो के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों को फूलों और लाइटिंग से सजाया जाएगा। बीडीए के अधिकारियों ने बैठक करके आईएमए, उद्योग व्यापार मंडल, चैंबर्स ऑफ कामर्स, बिल्डर्स एसोसिएशन, नगर निगम, ज्वेलर्स एसोसिएशन, होटल एसोसिएशन, बैंकर्स को विभिन्न तिराहों और चौराहों को गमले रखकर सजाने और लाइटिंग कराने की जिम्मेदारी दी है। ब्यूरो