शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके की पॉश कालोनी वृंदावन गार्डन में चोरों ने शिक्षक दंपती अंकुर वाजपेयी और आकांक्षा शुक्ला के मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए। दंपती के मुताबिक, चोर करीब पांच लाख रुपये का माल ले गए। सूचना के बाद अजीजगंज चौकी प्रभारी ने घटना का मौका-मुआयना किया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए हैं, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
जलालाबाद थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा निवासी अंकुर वाजपेयी और उनकी पत्नी आकांक्षा शुक्ला जलालाबाद में परिषदीय विद्यालय में अध्यापक हैं। वर्तमान में दंपती चौक कोतवाली इलाके की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में रह रहे हैं। मंगलवार को अंकुर और आकांक्षा विद्यालय गए हुए थे। दोपहर दो बजे जब लौट कर आए तो देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा पड़ा था। अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर सोने की 11 अंगूठियां, दो सोने के हार, दो सोने के सिक्के, आठ जोड़ी चांदी की पायल, दो मांग वेदा समेत करीब पांच लाख का माल चुरा ले गए।
सूचना पर अजीजगंज चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए। उन्होंने घटना के संबंध में अंकुर और उनकी पत्नी आकांक्षा से पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सीओ सिटी सरवणन टी ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी में चोरी की जानकारी उन्हें नहीं है। संवाद