मीरगंज। रविवार रात चोर दीवार में नकब लगाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना शाही के गांव बिहारीपुर निवासी मोहम्मद रफीक ने बताया कि रविवार रात वह अपने परिवार सहित घर के आंगन में सो रहे थे। तभी रात किसी समय चोर रोड की साइड वाली दीवार में नकब लगाकर घर में दाखिल हो गए। कमरे में रखे संदूक को खोलकर उसमें रखे 26 हजार रुपये नकद और दो जोड़े सोने की झुमकी, पेंडल, लौंग, दो जोड़ी चांदी की पायलें एवं बिछुआ लेकर फरार हो गए।
सुबह जब आंख खुली तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। जेवर और नकदी गायब थे। इधर-उधर देखा, लेकिन कोई पता नहीं चला। दो दिन पहले शाही के ही गांव विक्रमपुर में भी चोर नकब लगाकर लाखों की चोरी कर रफ्फू-चक्कर हो गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चोरी के तीन आरोपियों को भेजा जेल, सामान बरामद
मीरगंज। मीरगंज पुलिस ने चोरी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनके पास से सामान बरामद कर लिए हैं।
प्रभारी निरीक्षक मीरगंज कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि 27 जून की रात हल्दी खुर्द के नादर के खेत से तीन प्लास्टिक के पाइप एवं दो लोहे की निपल चोरी हो गई थी। पीड़ित ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि चोरी के सामान सहित कुछ लोग चुरई दलपतपुर चौराहे पर खड़े हैं। पुलिस ने सूचना पर छापा मारा तो तीन आरोपी पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए अपने नाम मनोज, दुर्गेश निवासी नथपुरा और हबीब चुरई दलपतपुर बताया है। उनके पास से तीन प्लास्टिक के पाइप एवं दो लोहे की निपल बरामद हुई।