सीबीगंज। चोरों ने पूर्व सांसद मंत्री के गांव ट्यूलिया स्थित कृषि फार्म हाउस सहित छह जगहों से हजारों का माल साफ कर दिया। पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने पर दी। हालांकि पुलिस ने अभी कोई कार्रवाई नहीं की है।
चोरों ने शुक्रवार-शनिवार की रात पूर्व सांसद संतोष गंगवार के पैतृक गांव ट्यूलिया स्थित कृषि फार्म हाउस की दीवार पर लगे 60 लोहे के एंगल खेत की ओर से काट लिए। वहीं गांव के ही जूनियर हाईस्कूल के दरवाजे के ताले तोड़कर सौर ऊर्जा के छह पैनल चोरी कर लिए। गांव के मंदिर में लगे दानपात्र से हजारों की नकदी साफ कर दी। इसके अलावा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के मेन गेट पर लगे लोहे के गेट को ही उखाड़ ले गए। इसके बाद चोरों ने पास में ही लगे नलकूप के ऊपर रखे लोहे के गर्डर भी उखाड़ लिए। दूसरी ओर बाइपास स्थित अंडरपास के पास रोड नंबर चार के पास मुर्गी फार्म की दीवार कूदकर अंदर घुसे चोरों ने केबल, जेनरेटर आदि सामान चोरी कर लिया। घटनाओं की तहरीर सीबीगंज व फतेहगंज पश्चिमी थाने में दे दी गई है। संवाद