बरेली के सिरौली क्षेत्र में तीन दिन पूर्व जमीन रंजिश को लेकर दबंगों ने घर में घुसकर दो भाइयों को पीटकर गंभीर घायल कर दिया। इसमें इलाज के दौरान एक युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मारपीट के मामले को हत्या की धारा में तरमीम कर चार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव दलीपपुर में गौरव सिंह और प्रकाश शर्मा के परिवारों में जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी को लेकर गत पांच मई को विवाद हुआ था। पीड़ित के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रकाश शर्मा ने योजना बनाकर लाठी-डंडे लेकर अपने साथियों के साथ रात को उनके घर पर हमला कर दिया। घर में मौजूद दोनों भाइयों को पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। बमुश्किल आसपास के लोगों ने दबंगों के चंगुल से बचाया।
बरेली के अस्पताल में तोड़ा दम
इस मामले में पुलिस ने गौरव सिंह की तहरीर पर प्रकाश शर्मा, नीरज शर्मा, नंद किशोर, लखन के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर घायल भाइयों को उपचार के लिए भेज दिया। उपचार के दौरान घायल 28 वर्षीय सौरभ ने बरेली के अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। घटना के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन सभी आरोपी भाग गए हैं।
सिरौली थाने के इंस्पेक्टर रतन सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला हत्या में तरमीम कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।