दो माह बीत जाने के बाद पीड़ित मां ने बिचौलियों के खिलाफ दी तहरीर
हाफिजगंज। पत्नी को लाने नेपाल गया युवक दो माह बाद भी लौट नहीं सका। पीड़ित मां ने अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए दो बिचौलियों के खिलाफ मंगलवार को थान में तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, हाफिजगंज के गांव धमीपुर की रहने वाली मुन्नी देवी पत्नी हीरालाल ने पुलिस को मंगलवार को तहरीर देकर बताया कि उसके बेटे का विवाह नहीं हो रहा था तो अलग-अलग गांव के दो लोगों ने नेपाल निवासी युवती से विवाह कराने के नाम पर रुपये लिए। उसके बाद उसका विवाह करा दिया। बेटे और उसकी पत्नी को घर पर रहते दो-तीन महीने नहीं हुए होंगे तब तक दोनों बिचौलिया घर आए और बेटे से कहा कि ससुराल से फोन आया है। वहां चलना है। यह कहकर बेटे मूलचंद और उसकी पत्नी को लेकर चले गए। उसके बाद से बेटा पत्नी संग वापस लौट नहीं सका है।
अब वह दोनों बिचौलिए के घर भी गई, लेकिन उन्हें बेवजह टहलाया जा रहा है। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि तहरीर की जांच कराई जा रही है। संवाद