भोजीपुरा। खड़ंजे पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच करने पहुंची राजस्व टीम के सामने दबंगों ने एक युवक को दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा। पिटाई से युवक घायल हो गया। भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव लखमपुर में आम रास्ते पर अवैध कब्जा करने की शिकायत ग्राम प्रधान सोमपाल ने एसडीएम सदर से की थी। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व टीम शुक्रवार को पैमाइश करने गांव पहुंची। आरोप है कि पैमाइश के दौरान लेखपालों ने गांव निवासी संजीव को फीता पकड़ने के लिए कह दिया। इससे गुस्साए ओमकार, ओमपाल, राजेश और जीवन ने लाठी-डंडे लेकर उसके ऊपर हमला कर दिया।
गलियों में दौड़ा-दौड़ाकर संजीव को पीटा गया। राजस्व विभाग की टीम ने भी भागकर जान बचाई। हमलावर संजीव को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायल संजीव को लेकर परिजन थाने पहुंचे और घटना की तहरीर दी। आरोप है कि पीछे से आए दबंगों ने थाने में भी पीड़ित पक्ष को धमकाया। तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पिटाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, ग्राम प्रधान ने भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए भोजीपुरा थाने में तहरीर देकर जान को खतरा बताया है। प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।