बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ निवासी दीप ने कर्ज से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
दीप (42) प्राइवेट नौकरी करते थे। उनके पिता नरेंद्र कुमार सक्सेना का आरोप है कि आठ साल पहले दीप ने सुभाषनगर निवासी एक युवक से दो लाख रुपये उधार लिए थे। कर्ज चुकाने के लिए दीप ने एक कार और एक स्कूटर बारादरी थाना क्षेत्र के राम वाटिका निवासी एक व्यक्ति के पास गिरवी रखा था। कर्ज देने वाला दीप से मूल रकम से ज्यादा रुपये ले चुका था। इसके बाद भी वह तकादा करता था।
मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी के डर से दीप अवसाद में थे। मंगलवार को दीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद कॉल करके पिता को पूरी बात बताई। पिता उनको लेकर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान दीप की मौत हो गई। इंस्पेक्टर सुभाषनगर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद