बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के बंसीनगला निवासी 32 वर्षीय युवक राजू मौर्य ने अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके परिजनों ने पत्नी व ससुरालवालों पर पिटाई का आरोप लगाकर हत्या का आरोप लगाया और हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार को पत्नी सुनीता ने बताया कि राजू ने बुधवार रात किसी समय फंदा लगा लिया। वह दूसरे कमरे में सो रही थी। बृहस्पतिवार सुबह जब वह सोकर उठी तो उसे घटना का पता लगा। इधर, राजू के परिजनों ने आरोप लगाया कि पत्नी सुनीता, ससुर और साले ने मिलकर राजू की हत्या कर दी और शव को दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका दिया। भूपराम ने बताया कि उनका इकलौता बेटा राजू परसाखेड़ा की शीतल पेय कंपनी में ड्राइवर था। करीब दस साल पहले राजू की शादी सीबीगंज के मथुरापुर निवासी हरिराम की बेटी सुनीता से हुई थी। शुरू में सब ठीक था, कुछ साल से पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया था।
आरोप लगाया कि रविवार को किसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। सुनीता ने अपने पिता और भाई को बुला लिया। तीनों ने मिलकर राजू की पिटाई की और फिर पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने तब समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया। बावजूद तीन-चार दिनों से विवाद लगातार चल रहा था। भूपराम का आरोप है कि बुधवार रात भी ससुराल पक्ष के लोग बेेटे के घर आए और उन्होंने मिलकर राजू की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
नशे का आदी था राजू, पत्नी से करता था मारपीट
हंगामा होने पर सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मुश्किल से समझाया। परिजनों ने राजू की पत्नी और उसके मायके वालों के खिलाफ तहरीर दी। वहीं पड़ोसियों ने बताया कि राजू नशे का आदी था। वह अक्सर शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था। तब उसके ससुरालवाले समझाने आते थे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि रात में भी पति ने नशे में उससे झगड़ा किया और फिर अपने कमरे में सोने चले गए। उसे सुबह ही राजू का शव लटका मिला तो सबको बुलाया। थाना प्रभारी ने कहा कि हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन लगता है कि राजू ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग की पुष्टि हुई है। राजू के साले को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ब्यूरो