24 घंटे में दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आई तो होगा डिस्चार्ज करने पर फैसला
विज्ञापन
महिला के परिवार वालों की रिपोर्ट निगेटिव, अब होम क्वारंटीन किया जाएगा
बरेली। निजी पैथोलॉजी की जांच में पॉजिटिव पाई गई फरीदपुर की महिला और पीलीभीत के युवक के 24 घंटे के अंतराल पर आईवीआरआई में दो और कोरोना टेस्ट कराए जाएंगे। आईवीआरआई की रिपोर्ट में मंगलवार को दोनों को निगेटिव बताए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने स्वास्थ्य निदेशालय से दिशानिर्देश लेने के बाद यह फैसला किया है। इन दोनों टेस्ट की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही तय होगा कि दोनों को आइसोलेशन वार्ड से डिस्चार्ज किया जाए या नहीं।
एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि बुधवार को जांच के लिए 65 सैंपल भेजे गए थे जिनकी रिपोर्ट देर शाम निगेटिव आई है। इनमें फरीदपुर की महिला के परिवार के लोग और सगे संबंधी भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि बुधवार को फिर महिला और पीलीभीत के युवक का सैंपल लिया गया है जिसे जांच के लिए गुरुवार को आईवीआरआई भेजा जाएगा। अगर रिपोर्ट निगेटिव आएगी तो फौरन दोनों का एक-एक और सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। दूसरी रिपोर्ट भी निगेटिव आने के बाद इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी जिसके बाद उन्हें डिस्चार्ज करने जाने पर भी विचार किया जाएगा।