फरीदपुर। दुष्कर्म के मुकदमे में बयान बदलने के लिए पीड़िता पर दबाव बनाया गया। पीड़िता द्वारा मना करने पर उसके बच्चों का अपहरण कर लिया गया। बच्चों को छुड़ाने के लिए कोर्ट में पीड़िता को अपना बयान बदलना पड़ा। बच्चों के छूटने के बाद महिला ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए वाद दायर किया। मजिस्ट्रेट ने सुनवाई करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए फरीदपुर पुलिस को आदेश दिया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करने के लिए वाद दायर किया था। महिला ने बताया कि परमवीर निवासी फार्म हाउस गोविंदपुर, अमरजीत निवासी ग्राम गोविंदपुर, वीरपाल निवासी ग्राम सिमरा वोरीपुर थाना फरीदपुर, इंद्रजीत निवासी ग्राम वमिया थाना कैंट बरेली समेत अन्य ने दुष्कर्म के मुकदमे में बयान बदलने का दबाव बनाया।
बयान न बदलने पर आरोपियों ने उसके बच्चों को अपरहण कर परमवीर के झाले पर बंधक बना लिया। पीड़िता के बयान बदलने के बाद उसके बच्चों को छोड़ा गया। पीड़िता के वाद पर न्यायिक मजिस्ट्रेट फरीदपुर ने सुनवाई की। संवाद