बरेली। गणतंत्र दिवस पर सभी सरकारी कार्यालयों, सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के आफिसों पर ध्वजारोहण हुआ। बच्चों ने प्रभातफेरी भी निकाली।
पुलिस लाइन में कमिश्नर प्रमांशु कुमार ने परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि गणतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और अवसर की समानता है। पुलिस परेड में महिला पुलिस, पीएसी, सशस्त्र पुलिस, फायर पुलिस, चीता मोबाइल, बम निरोधक दस्ता, यातायात पुलिस आदि की टुकड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में आईजी विजय सिंह मीणा, डीआइजी आशुतोष कुमार, एसएसपी आरके भारद्वाज सिंह सहित पुलिस, प्रशासन अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले कमिश्नर प्रमांशु ने आयुक्त कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रभात कुमार शर्मा, जेडीसी सीपी सिंह मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में प्रभारी जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने ध्वजारोहण किया। द्रोपदी कन्या इंटर कालेज की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। प्रभारी जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सूबेदार खां की पत्नी मुन्नी बेगम तथा केएम असर की पत्नी उर्मिला असर को शाल उढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर एडीएम अरूण कुमार, मनोज कुमार तथा आलोक कुमार सहित उपजिलाधिकारी सहित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।