नगर निगम प्रशासन को ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन ढूंढने का एक और मौका मिल गया है। मंगलवार को नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव अपना जवाब दाखिल करने के लिए एनजीटी में पेश हुए लेकिन किन्हीं कारणों से सुनवाई नहीं हुई। अब अगली सुनवाई 25 अक्तूबर को होगी।
ट्रंचिंग ग्राउंड मामले में सुनवाई के लिए मंगलवार को नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल (एनजीटी) में नगर आयुक्त बरेली को बुलाया गया था, लेकिन सुनवाई नहीं हो पाई। जवाब दाखिल करने की तिथि बढ़ाकर अब 25 अक्तूबर तय कर दी गई है। इससे नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव को ट्रंचिंग ग्राउंड के लिए जमीन तलाशने का एक और मौका मिल गया है। नगर निगम अब तक गुरऊ की जमीन पर दांव लगा रहा था लेकिन ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के चलते यहां दाल गलती नहीं दिख रही। नगर आयुक्त आरके श्रीवास्तव का कहना है कि कोर्ट ने 25 अक्तूबर की तिथि तय की है।