बरेली। चौबारी मेला की रौनक चरम पर पहुंच गई है। अब प्रशासन ने रामगंगा में बुधवार को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा महास्नान की तैयारी पूरी कर ली हैं। इस बार रामगंगा तट पर स्नान के लिए दो घाट बनाए गए हैं। दोनों ही घाट सड़क पुल के नीचे पूर्व दिशा में बनाए गए हैं। पुल के नीचे जलस्तर अधिक होने के कारण मेन घाट सौ मीटर आगे बनाया गया है। दूसरा घाट उससे आगे बांध की तरफ बनाया गया है। दूसरे घाट पर बदायूं रोड के साथ ही चौबारी गांव से आने का रास्ता रहेगा लेकिन रेलवे पुल के नीचे पश्चिम दिशा में स्थित परंपरागत घाट इस बार भी बंद रहेगा। यहां जलस्तर ज्यादा होने की वजह से यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन यहां तक जाने के रास्ते पर बैरीकेडिंग करवाएगा और लोगों को जाने से रोकने के लिए पुलिस कर्मी भी तैनात किए जाएंगे। एसडीएम सदर प्रशांत शर्मा ने सोमवार को रामगंगा के दोनों घाट फाइनल करवाए। उन्होंने बताया कि बैरीकेडिंग के दायरे में ही स्नान होगा। उसके आगे जलस्तर अधिक होने से डूबने का खतरा है। स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए रामगंगा में तहसील से दो नाव मंगा ली गई हैं। अभी पीएसी की चार नाव आनी बाकी हैं। 30 गोताखोर भी तैनात किए जाएंगे। वहीं, बदायूं रोड से रामगंगा चौकी के पीछे घाट तक श्रद्धालुओं के जाने के लिए रास्ता पहले ही बनाया जा चुका है।
बदायूं रोड पर जाम से जूझेंगे लोग
चौबारी मेला आने वाले लोगों को इस बार बदायूं रोड के जाम से खूब जूझना पड़ेगा। महेशपुर ठाकुरान की बड़ी लाइन का रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से काफी देर तक लगे रहने वाले जाम से ट्रैफिक थम जाता है। यह समस्या इन दिनों इसलिए ज्यादा है क्योंकि छोटी रेलवे लाइन की ट्रेनें भी बड़ी रेलवे लाइन से गुजर रही हैं। ऐसे में ट्रेनों के आगे-पीछे निकलने से दिन में कई बार यह फाटक आधा-आधा घंटे तक बंद करना पड़ता है। चूंकि यह फाटक चौबारी मेला के मेन गेट से सटा है इसलिए वाहनों का जाम लंबा लग जाता है। वहीं, बदायूं रोड पर इन दिनों किया जा रहा सड़क चौड़ीकरण का काम भी ट्रैफिक जाम का बड़ा कारण बना हुआ है। करगैना और सुभाषनगर के पास तक सड़क मार्ग के दोनों ओर फुटपाथ की खुदाई की जा चुकी है। इससे बदायूं रोड की मेन सड़क कम पड़ गई है और चौबारी मेला की वजह से ट्रैफिक ज्यादा बढ़ गया है। इसके चलते जाम बहुत लग रहा है लेकिन पुलिस-प्रशासन की ओर से ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अब तक कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। एसडीएम सदर प्रशांत शर्मा के अनुसार रेलवे फाटक पर जाम के मामले में तो कुछ नहीं किया जा सकता लेकिन चौड़ीकरण के काम में तेजी लाने के निर्देश दे दिए गए हैं फिर भी ट्रैफिक कंट्रोल के लिए पुलिस लगाई जाएगी।
नखासा की घुड़दौड़ में रानी नंबर वन
बरेली। चौबारी मेले के नखासा में सोमवार को घुड़दौड़ शुरू हो गई। बदायूं के राजकुमार की लाल घोड़ी रानी पहले दिन की घुड़दौड़ में नंबर वन रही। राजकुमार ने बताया कि उनकी घोड़ी की कीमत एक लाख रुपये लगी है। वहीं, नखासा भी पूरी तरह से अपने चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार को भी घुड़दौड़ होगी। इसके लिए लोगों ने अपनी-अपनी घोड़ी को तैयार किया है।