बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में एक उचक्का महिला के जेवर लेकर भाग गया। महिला ने श्यामगंज चौकी पर शिकायत की तो चौकी प्रभारी ने उसे टरका दिया। अब महिला की शिकायत पर एसएसपी ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सूफी टोला निवासी नईम बी ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि आठ मई को वह मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गई थीं। वहां उन्हें एक युवक मिला। उसने बताया कि तुम्हारी बेटी शिबा तुम्हें बैंक में बुला रही है। युवक ने नईम बी को टेंपो में बैठाया और कहा कि जमाना खराब है। आप अपने सभी जेवर उतरवाकर पर्स में रख लो, फिर पर्स को बैग में रख दिया। बैंक के पास युवक ने टेंपो वाले का किराया देने के बहाने नईम बी से बैग ले लिया और बैंक के अंदर जाकर फिर बाहर लौट आया।
युवक ने उन्हें उनका बैग देते हुए कहा कि आपकी बेटी आपको बैंक के अंदर बुला रही है। जब नईम बी बैंक में गईं तो वहां उनकी बेटी नहीं थी। बैग खोलकर देखा तो उसमें पर्स और जेवर नहीं थे। महिला ने बताया कि श्यामगंज चौकी इंचार्ज से मिलकर उन्होंने कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।