आंवला। बैंक की ब्रांच पर घटना स्थल के फोटो-संवाद
आंवला। ब्लैक आउट के दौरान मिनी बैंक संचालक की बाइक की डिग्गी में रखे पांच लाख रुपयों से भरा बैग लेकर चोर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला आदर्श नगर निवासी दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि वह पिछले कई सालों से रामनगर रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के निकट बाइक एजेंसी के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा का बीसी प्वाइंट संचालित कर रहे हैं। रोजाना की तरह ही बुधवार रात करीब आठ बजे ब्लैक आउट मॉकड्रिल के दौरान सेंटर के बाहर खड़ी बाइक की डिग्गी में पांच लाख की नकदी का बैग रखकर दुकान का शटर गिरा रहे थे। तभी आरोपी बैग लेकर भाग गया। घटना की जानकारी मिलने पर पालिका सभासद रामवीर प्रजापति पहुंची। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस डीवीडीआर थाने ले आई। दिलीप की तहरीर पर सीओ नितिन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संवाद