तीन दिन से रात के तापमान में अचानक भारी गिरावट आई है, जिससे सर्दी बढ़ने लगी है। दिन का तापमान भी दो से तीन डिग्री कम हुआ है, लेकिन अभी सूरज की तपिश पर खास असर नहीं पड़ा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले तीन दिन में रात के साथ दिन का तापमान भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस कम होगा। इससे सर्दी बढ़ेगी। आसमान में बादल होने से 15 नवंबर के आसपास घने कोहरे का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
अक्तूबर में बारिश न होने से इस बार दिवाली और भैया दूज पर ज्यादा सर्दी नहीं हुई, लेकिन 24 अक्तूबर से दिन का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से घटकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे सूरज की तपिश पहले से कुछ कम हुई है। मौसम में आए अचानक बदलाव से अगले दो दिन में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर आने के आसार हैं। रात का तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस से घटकर 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। अगले हफ्ते से रात का तापमान दो डिग्री सेल्सियस और नीचे आने की भविष्यवाणी की गई है। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि अगले हफ्ते से सर्दी का प्रकोप बढ़ेगा। आसमान में बादल छाये रहने से रात में ओस ज्यादा गिरने लगी है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े से रात के अलावा दिन में भी देर तक कोहरे की धुंध छाई रहेगी, क्योंकि अब बारिश की कोई संभावना नहीं है।
एसी और कूलर कर लें बंद, नहीं तो होंगे बीमार
रात में और सुबह उठने पर अब सर्दी का अहसास होने लगा है। अगर इस मौसम में लापरवाही बरती तो बीमार होना तय है। जिला अस्पताल के जनरल फिजीशियन डॉ. रविंद्र पोरवाल बताते हैं कि इस मौसम में शाम को हल्के गर्म कपड़े पहन सकते हैं। अभी लापरवाही भारी पड़ेगी। फिजीशियन डॉ. सुदीप सरन कहते हैं कि सुबह टहलने वाले बुजुर्ग कुछ ज्यादा अलर्ट रहें। मुंह पर मास्क लगाकर निकलें। एसी और कूलर बिल्कुल न चलाएं। सुबह उठकर पंखा भी बंद कर दें।