बरेली। अतिक्रमण व जलभराव की समस्या की शिकायत पर टीम पहुंची और बिना समस्या को देखे ही लौट गई। इस संबंध में क्षेत्रीय पार्षद ने नगर आयुक्त से लिखित में शिकायत की है।
वार्ड 64 के पार्षद जय प्रकाश राजपूत के मुताबिक कबूतर चौक, बहादुर शाह वाली मजार से लेकर आजमनगर रोड तक अतिक्रमण है। इस वजह से होने वाले जलभराव को लेकर कई बार शिकायत भी कर चुके हैं। अतिक्रमण को लेकर उन्होंने नगर आयुक्त से शिकायत की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सहायक अभियंता मुकेश शाक्य को अतिक्रमण टीम के साथ मौके पर भेजा। पार्षद के मुताबिक एई मुकेश शाक्य ने मौके पर पहुंचकर फोन कर अतिक्रमण दिखाने के लिए कहा। वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि वार्ड 20 आजमनगर में सफाई कर्मचारी एक सीवर को साफ कर उसकी गंदगी दूसरे चैंबर में डाल रहा था। उन्होंने उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैन सिंह को जानकारी दी। सफाई निरीक्षण पूर्णिमा सक्सेना और सफाई नायक कमलेश मौके पर पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका वीडियो डाला तो निर्माण और स्वास्थ्य विभाग के दोनों अधिकारी चले गए। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अतिक्रमण और साफ सफाई नियमों के तहत ही होगी। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। अगर लापरवाही सामने आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। संवाद