जिला स्तरीय फुटबॉल (जूनियर) प्रतियोगिता का समापन, अननोन फुटबॉल क्लब उपविजेता
बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही जिला स्तरीय पं. दीन दयाल जिला स्तरीय फुटबॉल (जूनियर) प्रतियोगिता का बृहस्पतिवार को समापन हुआ। इसमें स्पोर्ट्स हॉस्टल बरेली ने फाइनल में अननोन फुटबॉल क्लब को 6-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। उपविजेता का स्थान अननोन फुटबॉल क्लब को मिला।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच गरुड़ा फुटबॉल क्लब और स्पोर्ट्स हॉस्टल के मध्य खेला गया। स्पोर्ट्स हॉस्टल बरेली ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गरुड़ा फुटबॉल क्लब को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश किया। मैच में मोहम्मद आदित और आर्यन यादव ने 2-2 गोल किए, जबकि अभिषेक कुमार और लव सोनकर ने 1-1 गोल दागा।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला अननोन फुटबॉल क्लब और यूथ फुल्यात क्लब के बीच खेला गया, जो काफी रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया और मैच का पहला हाफ गोल रहित बराबरी पर छूटा। दूसरे हाफ के अंतिम क्षणों में अननोन फुटबॉल क्लब को एक पेनल्टी मिली, जिसे वंश थापा ने गोल में बदलकर अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।
फाइनल मैच स्पोर्ट्स हॉस्टल और अननोन फुटबॉल क्लब के मध्य खेला गया। स्पोर्ट्स हॉस्टल ने एक बार फिर अपना शानदार खेल जारी रखा और अननोन फुटबॉल क्लब को 6-0 से पराजित कर प्रतियोगिता जीत ली। स्पोर्ट्स हॉस्टल की ओर से फैजान ने 3 गोल, आर्यन यादव ने 1 गोल और अभिषेक कुमार ने 2 गोल किए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मोहम्मद यासीन, आशुभारती, विकास राय, अभिषेक गुप्ता और हर्षित ने निभाई। इस दौरान उप क्रीड़ाधिकारी अनीता नागर, सचिव जिला फुटबॉल संघ मून रॉबिंसन, अमर जीत सिंह, नसीम अख्तर आदि मौजूद रहे। संवाद