बरेली। बरेली जिले में लंपी रोग से गोवंश को बचाने के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक करीब 53 हजार गोवंश को टीका लगाया जा चुका है, जबकि कुल लक्ष्य एक लाख 40 हजार गोवंश का है। पशुपालन विभाग को यह अभियान 15 अक्तूबर तक पूरा करने के निर्देश मिले हैं। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, गांवों में गोवंश की संख्या कम होने से टीकाकरण टीमों को परेशानी हो रही है।
टीमें कई जगह अपेक्षित संख्या में पशु नहीं मिलने से समय गंवा रही हैं। वहीं, शहर और आसपास की डेयरियों में बड़ी संख्या में गोवंश एक साथ मिल रहे हैं। इससे डेयरियों में टीकाकरण की रफ्तार बेहतर है। विभाग अब डेयरियों तक पहुंच बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। इसका उद्देश्य कम समय में अधिक से अधिक पशुओं को टीका लगाना है।
अभियान को समय पर पूरा करने के लिए नौ एंबुलेंस भी लगाई गई हैं। ये एंबुलेंस जिले के 15 विकास खंडों के गांवों में गोवंशों को टीका लगा रही हैं। एक एंबुलेंस रोजाना दस गांवों का भ्रमण कर टीकाकरण कर रही है। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओपी मौर्य ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से टीमों की पहुंच बढ़ी है। उन्होंने कहा कि इससे टीकाकरण का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है और अभियान समय पर पूरा कर लिया जाएगा।