बरेली। गुजरात हादसे से सबक लेकर मंडल में 50 साल से ज्यादा पुराने 66 पुलों की मजबूती परखी जाएगी। पुलों का सेफ्टी ऑडिट कर अभियंता 15 दिन में रिपोर्ट देंगे। अगर कोई पुल खतरनाक स्थिति में मिला तो वहां यातायात रोका जा सकता है। उसे ठीक कराने के लिए एस्टीमेट बनेगा और अन्य जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे।
गुजरात के वडोदरा में चार दशक पुराना पुल गिरने के बाद लोक निर्माण विभाग सतर्क हो गया है। प्रदेश के अधिशासी अभियंताओं के साथ वर्चुअल बैठक कर 50 साल से ज्यादा पुराने पुलों के स्थलीय निरीक्षण का आदेश दिया गया है। मंडल में ऐसे 66 पुल हैं। बरेली में सर्वाधिक 50, शाहजहांपुर में 11, बदायूं में तीन तो पीलीभीत में ऐसे दो पुल हैं। अब अवर और सहायक अभियंताओं को इनका स्थलीय निरीक्षण करके रिपोर्ट देनी है। ब्यूरो
मैंने मंडल के सभी अधिशासी अभियंताओं से कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में 50 साल से ज्यादा पुराने पुलों की मौजूदा स्थिति देखने के बाद रिपोर्ट प्रेषित करें, ताकि जरूरी कदम उठाए जा सकें। -अजय कुमार, मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग