बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंडर-12 स्टेडियम प्रीमियर लीग में शुक्रवार को स्टेडियम राइडर्स और स्टेडियम थंडर्स ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज खेला जाएगा।
शुक्रवार को पहले मुकाबले में स्टेडियम राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सभी विकेट खोकर 147 रन बनाए। मयंक ने 35 गेंदों में सात चौकाें की मदद से 50 रनों की पारी खेली। स्टेडियम चैलेंजर्स के लिए शुभ मल्होत्रा ने चार ओवर में 24 रन देकर चार विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम चैलेंजर्स की पूरी टीम 16.1 ओवरों में 105 रनों पर ढेर हो गई। इस तरह से राइडर्स ने 42 रनों के अंतर से मैच जीत लिया। राइडर्स के लिए कार्तिक ने तीन विकेट प्राप्त किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए मयंक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
दूसरे मुकाबले में स्टेडियम किंग्स ने टॉस जीतकर स्टेडियम थंडर्स को पहले बल्लेबाजी करने का आमंत्रण दिया। थंडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट खोकर 116 रन बनाए। किंग्स के लिए अभिषेक राठौर ने दो विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए किंग्स की पूरी टीम 13.3 ओवर में मात्र 69 रनों पर ढेर हो गई। थंडर्स के लिए आरुष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। घातक गेंदबाजी के लिए आरुष को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इससे पूर्व मैच का उद्घाटन व्यवसायी जितेंद्र देवा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मो. कमर, मो. चमन, शिव कुमार राठी, योगेश कुमार, शिवम पटेल, अब्दुल जीशान आदि उपस्थित रहे। संवाद