बरेली। दिन में पारा की गर्मी के साथ ही अब रात के तापमान में भी बढ़त दर्ज होने लगी है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले करीब सप्ताह भर तक आसमान साफ रहने और चटख धूप निकलने से गर्मी का दौर जारी रहने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की दिशा पश्चिम पूर्व पश्चिम होने तक तापमान में बढ़त का सिलसिला जारी रहेगा।पांच दिन पहले मौसम ने 29 डिग्री का आंकड़ा पार करने के बाद पिछले छह सालों में सर्वाधिक दर्ज किया गया था। हालांकि, हवा की दिशा बदलने के बाद बादलों के मंडराने का अनुमान भी जताया था। मगर तापमान में गिरावट के बजाय स्थिरता बनी रही। आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र से जारी बुलेटिन के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ हावी होने की संभावना थी लेकिन दक्षिण पूर्व दिशा से चल रही हवा ने राहत की उम्मीद धराशायी हुई। पहाड़ों की हवा के मैदानी इलाकों में प्रवेश न होेने से पारा में तपिश जारी है। बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट में अगले करीब सप्ताह भर तक शहर में गर्मी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को सुबह से शाम पांच बजे तक तेज धूप रही। दिन में लोग गुनगुनी धूप का आनंद लेने के बजाय छांव ढूंढते नजर आए। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 28.7 डिग्री और न्यूनतम सामान्य स्तर पर 12.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर जो पूर्व में 90 डिग्री के पार था वह अब 49 से 85 फीसदी तक दर्ज हुआ।