बाजार में वैलिड करेंसी की किल्लत होने से फल, सब्जी, खाद्यान्न, किराना, सराफा बाजार प्रभावित हो गया है। जिसके कारण ट्रांसपोर्ट कारोबार ठप होने की स्थिति में पहुंच गया है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि दो दिन में जरूरी चीजों की किल्लत होना तय हैं क्योंकि करेंसी नहीं मिलने से कारोबार चलाना मुश्किल है। ट्रांसपोर्ट ठप होने की आशंका पर केंद्रीय खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गईं हैं। उन्होंने बरेली सहित प्रदेश के सभी जिलों से इनपुट लेना शुरू कर दिया है।
दूर दराज तक ट्रक और माल वाहक वाहन दौड़ लगाते हैं, रास्ते में कई लेनदेन और अन्य खर्चे होते हैं। ड्राइवर के पास वैलिड करेंसी नहीं होती है, इससे उसको खाने के लाले पड़ने लगे हैं। दो दिन तक ऐसा चला तो सब कुछ ठप हो जाएगा। ट्रांसपोर्ट एसोसियेशन नेता अमजद सलीम ने कहा है कि वैकल्पिक व्यवस्था के ही नोट बंदी कर दी गयी है। इससे आम जनता और कारोबारी परेशान है। रेता बजरी आना बंद हो गया है, सब्जी और फल आदि भी आना बंद हो जाएगा। इसका खामियाजा आम लोग ही भुगतेंगे। दो दिन में चक्का जाम होना तय है।
व्यापारियों ने की मदद
उद्योग व्यापार संगठन ने छोटी करेंसी किल्लत को देखते हुए रविवार दोपहर में जंक्शन पर यात्रियों को जलपान कराया और भोजन पैकेट सौंपे। जिलाध्यक्ष गोपेश अग्रवाल और शहर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा के नेतृत्व में पहुंचे राजेश मौर्य, मनोज पांडे, कमल श्रीवास्तव, अशोक सक्सेना, अनीस, संजीव औतार, नीरज वर्मा, शफीकुद्दीन, जसविंद्रर मोनू आदि ने खाद्य सामग्री वितरित करायी।