नवाबगंज। कस्बे के एक किराना दुकान में कंपनी के अधिकारी ने पुलिस के साथ छापा मारकर वहां से बृहस्पतिवार को ऑल आउट ब्रांड की 18 नकली रिफिल बरामद की है।
कस्बे के मोहल्ला सराय में एक युवक अपनी किराने की दुकान चलाता है। पिछले काफी समय से ऑल आउट ब्रांड कंपनी के अधिकारियों को शिकायत मिल रही थी कि वह युवक किराने की दुकान पर नकली रिफिल बेच रहा है। इस पर तीन दिन पूर्व कंपनी के सीनियर मैनेजर ओजस्वी शर्मा ने कस्बे में आकर जांच-पड़ताल की तो शिकायत सही मिली। बृहस्पतिवार को कंपनी के मैनेजर राजेश कुमार ने पुलिस पुलिस के साथ दुकान पर पहुंचकर छापा मारा। पुलिस ने 18 नकली रिफिल बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया है। कंपनी के मैनेजर राजेश कुमार ने थाना नवाबगंज में तहरीर दी है।
ऑनलाइन कंपनी से रिफिल मंगाने का किया दावा
दुकानदार का कहना है कि उसने एक ऑनलाइन कंपनी के माध्यम से रिफिल मंगाई थी। इन्हें नकली होने के शक पर अपनी दुकान में अलग रख दी थी। उनके पास ऑनलाइन कंपनी से आए माल का अभिलेख मौजूद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद