रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों को इस बार हर हाल में 31 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही मेरिट के हिसाब से छात्रों के विवरण एक्सेल फार्मेट में भेजने होंगे। स्वीकृत सीटों पर ही प्रवेश लेना होगा। अगर ज्यादा प्रवेश लिये गए तो रुहेलखंड विश्वविद्यालय परीक्षा नहीं कराएगा।
शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश भेज दिए हैं। 30 जून तक महाविद्यालयों में जिन कोर्स को मान्यता मिली है, उन्हीं में दाखिले लें। अगर किसी महाविद्यालय में बिना संबद्धता के किसी कोर्स में दाखिला लिया गया तो महाविद्यालय के प्रबंधक और प्राचार्य पर कार्रवाई होगी। महाविद्यालय में रिक्त पड़े शिक्षकों, विभागाध्यक्ष और प्राचार्य के पद यूजीसी के नियमों के तहत भरे लें। अगर इस समय तक नियुक्ति नहीं हुई तो कॉलेज पर कार्रवाई होगी। राजकीय और अनुदानित महाविद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का संकायवार और विषयवार नवीनतम वरिष्ठता सूची संबद्धता विवि कार्यालय को 30 जून तक उपलब्ध कराना होगा। महाविद्यालय की प्रबंध समिति का कार्यकाल खत्म होने से पहले निर्वाचन की कार्यवाही शुरू कर विश्वविद्यालय से प्रबंध समिति का अनुमोदन कराना होगा। प्रवेश प्रक्रिया के समय कटऑफ और उसका विवरण महाविद्यालय की वेबसाइट पर डालना होगा। यही नहीं, सभी कॉलेजों को 2016-17 एकेडमिक कैलेंडर का अनुपालन अनिवार्य रूप से करना होगा। अखिल भारतीय उच्चतर शिक्षा सर्वेक्षण 2015-16 सभी कॉलेजों को डेटाबेस कॉलेजों को अपलोड करना होगा। सभी कॉलेजों को सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे, ताकि उनके कॉलेज में परीक्षा केंद्र बनाया जा सके। जिन कॉलेजों में नैक मूल्यांकन नहीं हो पाया है, उन्हें जल्द प्रक्रिया शुरू करनी होगी।