बरेली। स्टेशन मास्टर समेत तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमित होने की आशंका में सील किया गया सेंथल स्टेशन शुक्रवार को खोल दिया गया। कर्मचारियों के काम पर आने से चहलपहल भी लौट आई। स्टेशन मास्टर और हेल्पर अभी 14 दिन के क्वारंटीन में रहेंगे, जबकि सेक्शन इंजीनियर को छुट्टी दी गई है।
शुक्रवार की सुबह रेलवे के स्वास्थ्य और ऑपरेटिंग अनुभाग के अधिकारियों ने सेंथल स्टेशन पहुंचकर स्टेशन कक्ष समेत सभी कक्षों की सील खोल दी। कर्मचारी भी काम पर लौट आए, लेकिन कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने वाले स्टेशन मास्टर और हेल्पर अभी क्वारंटीन रहेंगे। सेक्शन इंजीनियर को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है। स्टेशन पर अन्य स्टेशन मास्टर की ड्यूटी लगाई गई है। एक दिन पहले तक सन्नाटे में आए सेंथल स्टेशन पर शुक्रवार को फिर से चहलपहल दिखी।
गौरतलब है कि इज्जतनगर रेल मंडल के एक स्टेशन के स्टेशन मास्टर, मंडलीय आफिस के टेलीकॉम अनुभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर और एक गैंगमैन को खांसी जुकाम और बुखार की शिकायत होने पर उन्हें अस्पताल में क्वारंटीन किया गया था। तीनों का सैंपल जिला अस्पताल में लिया गया, जिसके बाद स्टेशन मास्टर और सीनियर सेक्शन इंजीनियर को आईवीआरआई के अस्पताल और हेल्पर को निजी मेडिकल अस्पताल में क्वारंटीन कराया गया है। बृहस्पतिवार को स्टेशन सील कर दिया गया। शाम को तीन कर्मचारियोें की रिपोर्ट निगेटिव आने पर शुक्रवार की सुबह स्टेशन खोल दिया गया। पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि सेंथल स्टेशन पर तीनों कर्मचारियों की ड्यूटी बदली गई है।